डिम्बग्रंथि का कैंसर (Ovarian Cancer) महिलाओं के प्रजनन तंत्र का एक गंभीर रोग है। यह कैंसर महिलाओं के अंडाशय (Ovaries) में तब शुरू होता है, जब कोशिकाओं के डीएनए में असामान्य परिवर्तन होने लगते हैं, जिससे वे अनियंत्रित रूप से विभाजित होने लगती हैं। अंडाशय महिला के शरीर में मौजूद दो छोटे अंग हैं जहाँ अंडों का निर्माण होता है।
कैंसर विशेषज्ञों के अनुसार, ओवेरियन कैंसर को "साइलेंट किलर" के रूप में जाना जाता है। इसके पीछे मुख्य कारण यह है कि इसके शुरुआती चरण (Stage 1 और 2) में इसके लक्षण लगभग सामान्य या अस्पष्ट होते हैं। परिणामस्वरूप, अधिकांश मामलों में इस कैंसर का पता तीसरी या चौथी स्टेज में चलता है, जब यह शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल चुका होता है। हालांकि यह अन्य प्रकार के कैंसर की तुलना में कम पाया जाता है, लेकिन समय पर पहचान न होने के कारण यह अन्य सभी स्त्री रोग संबंधी कैंसरों की तुलना में महिलाओं में अधिक मृत्यु का कारण बनता है।
ओवरी का कैंसर कैसे होता है?
चिकित्सा विज्ञान में अभी तक ओवेरियन कैंसर (अंडाशय कैंसर) के सटीक और स्पष्ट कारण अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। इस कैंसर की शुरुआत तब होती है जब अंडाशय या उसके आसपास की कोशिकाओं के डीएनए में आनुवंशिक परिवर्तन (Mutation) हो जाते हैं।
डीएनए कोशिकाओं के विकास, कार्य और विभाजन को नियंत्रित करता है। जब इसमें म्यूटेशन होता है, तो कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से विकसित और विभाजित होने लगती हैं और धीरे-धीरे एक ट्यूमर का रूप ले लेती हैं। यदि समय पर अंडाशय कैंसर का निदान न हो, तो ये कोशिकाएं शरीर के अन्य हिस्सों में भी फैल सकती हैं।
ओवेरियन कैंसर के कारण
यद्यपि इसका मुख्य कारण अज्ञात है, लेकिन इसके कुछ ऐसे जोखिम कारक चिह्नित किए गए हैं, जो किसी महिला में ओवेरियन कैंसर की संभावना को काफी हद तक बढ़ा देते हैं:
जेनेटिक म्यूटेशन (BRCA1 और BRCA2 जीन्स)
ओवेरियन कैंसर का एक बड़ा कारण आनुवंशिक बदलाव होते हैं। यदि किसी परिवार में मां, बहन या बेटी को पहले कभी ब्रेस्ट, ओवेरियन या कोलोरेक्टल कैंसर रहा हो, तो उनमें इसका खतरा बढ़ जाता है। विशेष रूप से BRCA1 और BRCA2 जैसे दोषपूर्ण जीन्स का माता-पिता से बच्चों में ट्रांसफर होने से ओवेरियन कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
बढ़ती उम्र और मेनोपॉज
उम्र बढ़ने के साथ ओवेरियन कैंसर की संभावना बढ़ जाती है। यह बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है, लेकिन आमतौर पर 50 से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं या मेनोपॉज (मासिक धर्म बंद होने) के बाद की स्थिति में इसके मामले सबसे ज्यादा देखे जाते हैं।
इनफर्टिलिटी और रिप्रॉडक्टिव हिस्ट्री (प्रजनन इतिहास)
जिन महिलाओं ने कभी गर्भधारण नहीं किया है या जो महिलाएं 35 वर्ष की आयु के बाद पहली बार मां बनती हैं, उनमें ओवेरियन कैंसर विकसित होने की संभावना अन्य महिलाओं की तुलना में अधिक होती है। इसके विपरीत, स्तनपान कराने से यह जोखिम कुछ हद तक कम हो सकता है।
हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT)
मेनोपॉज के बाद होने वाली शारीरिक समस्याओं से राहत पाने के लिए कई महिलाएं हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (विशेषकर एस्ट्रोजन-ओनली थेरेपी) का सहारा लेती हैं। चिकित्सीय अध्ययनों के अनुसार, लंबे समय तक एचआरटी (हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी) लेने से अंडाशय कैंसर का खतरा कुछ हद तक बढ़ सकता है।
एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis)
एंडोमेट्रियोसिस गर्भाशय (बच्चे दानी) से जुड़ी एक बेहद दर्दनाक और आम बीमारी है, जिसमें गर्भाशय के अंदर पाए जाने वाले ऊतक (Tissues) गर्भाशय के बाहर (जैसे अंडाशय या फैलोपियन ट्यूब पर) बढ़ने लगते हैं। कुछ प्रकार के ओवेरियन कैंसर का जोखिम एंडोमेट्रियोसिस से जुड़ा पाया गया है।
महत्वपूर्ण नोट: ऊपर दिए गए ओवेरियन कैंसर के जोखिम कारकों का होना यह सुनिश्चित नहीं करता कि ओवेरियन कैंसर होगा ही। यह केवल संभावना को दर्शाता है। यदि आपमें इनमें से कोई भी जोखिम कारक या पारिवारिक इतिहास है, तो डॉक्टर से परामर्श कर नियमित जांच करवाना एक समझदारी भरा कदम है।
ओवेरियन कैंसर के प्रमुख लक्षण
इसके लक्षणों को 'शुरुआती' और 'गंभीर' दो मुख्य भागों में विभाजित करके समझा जा सकता है:
शुरुआती और सामान्य लक्षण (जिन्हें महिलाएं अक्सर साधारण गैस समझ लेती हैं)
कैंसर के शुरुआती चरणों में लक्षण बहुत स्पष्ट नहीं होते हैं, लेकिन यदि नीचे दिए गए संकेतों में से कोई भी लक्षण नया है और कुछ हफ्तों से लगातार बना हुआ है, तो इस पर ध्यान देना आवश्यक है:
- पेट का बार-बार फूलना या गैस की वजह से असहजता महसूस होना, जो दवाइयों के बाद भी ठीक न हो।
- थोड़ा सा भोजन करने पर ही पेट पूरी तरह भरा हुआ महसूस होना और खाने की इच्छा समाप्त हो जाना।
- बार-बार पेशाब आने की तीव्र इच्छा होना या अचानक से पेशाब पर नियंत्रण न रहना।
- पेट के निचले हिस्से या जांघों के बीच के हिस्से (Pelvic Area) में लगातार हल्का दर्द बने रहना।
- बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना या पेट के आसपास की चर्बी असामान्य रूप से बढ़ जाना।
गंभीर या एडवांस स्टेज के लक्षण
जब अंडाशय कैंसर पेट से बाहर या अन्य अंगों में फैलने लगता है, तो लक्षण अधिक गंभीर और स्पष्ट हो जाते हैं:
- पीरियड्स (मासिक धर्म) का अचानक अनियमित हो जाना, दो पीरियड्स के बीच में या मेनोपॉज (रजोनिवृत्ति) के बाद भी योनि से रक्तस्राव होना।
- पर्याप्त आराम और नींद लेने के बाद भी शरीर में ऊर्जा की अत्यधिक कमी और कमजोरी महसूस होना।
- पीठ या कमर के निचले हिस्से में लगातार तेज दर्द होना, जो किसी चोट या खिंचाव के बिना शुरू हुआ हो।
- मल त्यागने की आदतों में अचानक बदलाव आना, जैसे कि गंभीर कब्ज, बार-बार अपच या दस्त की शिकायत होना।
- संभोग के समय पेल्विक हिस्से में तेज दर्द या असहजता महसूस होना।
इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS) बनाम ओवेरियन कैंसर
इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम और ओवेरियन कैंसर के लक्षण - जैसे पेट फूलना, गैस, कब्ज या पेट दर्द - लगभग एक जैसे होते हैं, जिसके कारण महिलाएं अक्सर भ्रमित हो जाती हैं। आईबीएस अक्सर कम उम्र में शुरू होता है, जबकि 50 वर्ष की आयु के बाद पहली बार ऐसे लक्षण दिखाई दें तो उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह ओवेरियन कैंसर का एक प्रारंभिक संकेत हो सकता है, जिसके लिए तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ से मिलकर ओवरी की जांच करानी चाहिए।
ध्यान दें: यदि आपको कोई भी नया लक्षण महसूस होता है जो गंभीर है या 2-3 सप्ताह से अधिक समय से बना हुआ है, तो बिना देरी किए चिकित्सकीय परामर्श लें। जागरूकता और समय पर लिया गया निर्णय ही इस बीमारी के खिलाफ आपका सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।
>> यह भी पढ़ें: महिलाओं में दिखने वाले 7 सामान्य कैंसर के लक्षण
ओवेरियन कैंसर के प्रकार (Types of Ovarian Cancer)
डिम्बग्रंथि का कैंसर मुख्य रूप से इस बात पर निर्भर करता है कि कैंसर की शुरुआत अंडाशय की किन कोशिकाओं से हुई है। ओवेरियन कैंसर को प्रमुख रूप से निम्नलिखित तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है:
एपिथेलियल ट्यूमर (Epithelial Tumors)
यह ओवेरियन कैंसर का सबसे आम और गंभीर प्रकार है। अंडाशय के कैंसर के कुल मामलों में से लगभग 90% मामले इसी श्रेणी के होते हैं। यह कैंसर अंडाशय या फैलोपियन ट्यूब की बाहरी परत (Epithelium Tissue) को ढकने वाली कोशिकाओं से शुरू होता है। इस प्रकार के कैंसर का जोखिम बढ़ती उम्र के साथ बढ़ता है, विशेषकर 50 से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं में यह अधिक देखा जाता है। इसके कई उप-प्रकार भी होते हैं, जैसे सीरस (Serous) और म्यूसिनस (Mucinous)।
जर्म सेल ट्यूमर (Germ Cell Tumors)
यह अंडाशय के कैंसर का एक दुर्लभ प्रकार है, जो कुल मामलों का लगभग 5% होता है। यह ट्यूमर अंडाशय के भीतर अंडे का निर्माण करने वाली कोशिकाओं से विकसित होता है। हालांकि इस श्रेणी के कई ट्यूमर कैंसर रहित भी हो सकते हैं। यह प्रकार मुख्य रूप से कम उम्र की लड़कियों, किशोरियों और 30 वर्ष से कम आयु की युवा महिलाओं को प्रभावित करता है।
स्ट्रोमल ट्यूमर (Stromal Tumors)
इसे 'सेक्स कॉर्ड-स्ट्रोमल सेल ट्यूमर' भी कहा जाता है। यह ओवेरियन कैंसर का एक बेहद दुर्लभ रूप है, जो लगभग 5% से कम मामलों में पाया जाता है। यह ट्यूमर अंडाशय के उन संयोजी ऊतकों (Connective Tissues) में विकसित होता है, जो अंडाशय को आपस में जोड़े रखते हैं। ये ऊतक शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का निर्माण करते हैं। अन्य ओवेरियन ट्यूमर की तुलना में स्ट्रोमल ट्यूमर के फैलने की गति काफी धीमी होती है और यह किसी भी उम्र की महिलाओं या बच्चियों को प्रभावित कर सकता है।
नोट: ओवेरियन कैंसर का सटीक उपचार (जैसे सर्जरी या कीमोथेरेपी) इस बात पर निर्भर करता है कि कैंसर का प्रकार और उसका चरण (Stage) क्या है। इसलिए, किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
ओवेरियन कैंसर की जांच (Diagnosis & Stages)
ओवेरियन कैंसर की शुरुआती चरणों में पहचान करना काफी चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि इसके लक्षण या तो बहुत सामान्य होते हैं या फिर दिखाई ही नहीं देते। वर्तमान में, ओवेरियन कैंसर की स्क्रीनिंग हेतु कोई विश्वसनीय परीक्षण उपलब्ध नहीं है। इसलिए, लक्षणों के आधार पर डॉक्टर कुछ विशेष जांचों की मदद से इस बीमारी की पुष्टि करते हैं:
- पेल्विक या ट्रांसवेजाइनल अल्ट्रासाउंड: इसके जरिए अंडाशय के आकार, संरचना और उसमें किसी भी प्रकार की गांठ या सिस्ट का पता लगाया जाता है।
- इमेजिंग टेस्ट (CT स्कैन/MRI/PET स्कैन): ये टेस्ट डॉक्टर को यह समझने में मदद करते हैं कि कैंसर पेट के भीतर कितनी दूर तक फैला है और क्या अन्य अंग भी इससे प्रभावित हुए हैं।
- सर्जिकल बायोप्सी: कैंसर की अंतिम रूप से पुष्टि करने और उसकी स्टेज जानने के लिए ऊतकों का एक छोटा सा सैंपल लेकर जांच की जाती है।
- CA-125 ब्लड टेस्ट: CA-125 टेस्ट अकेले कभी भी ओवेरियन कैंसर की पुष्टि नहीं कर सकता। CA-125 असल में एक प्रोटीन है, जिसकी मात्रा कैंसर होने पर रक्त में बढ़ जाती है। लेकिन, शरीर में सामान्य सूजन, पीरियड्स, गर्भावस्था या फाइब्रॉएड जैसी स्थितियों में भी इसका स्तर बढ़ सकता है। हालांकि CA-125 सामान्य स्तर होने पर भी ओवेरियन कैंसर पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता। यही कारण है कि CA-125 टेस्ट के नतीजों को हमेशा पेल्विक अल्ट्रासाउंड या CT स्कैन जैसे इमेजिंग टेस्ट के साथ मिलाकर ही देखा जाता है, ताकि सही निष्कर्ष निकाला जा सके।
ओवेरियन कैंसर के चरण (Stages of Ovarian Cancer)
कैंसर की स्टेजिंग से यह पता चलता है कि कैंसर शरीर के अन्य अंगों में किस हद तक फैल चुका है। डॉक्टर इसी के आधार पर मरीज के लिए एक सटीक ट्रीटमेंट प्लान तैयार करते हैं। ओवेरियन कैंसर को मुख्य रूप से 4 चरणों में विभाजित किया गया है:
- स्टेज 1: इस शुरुआती चरण में कैंसर पूरी तरह से केवल अंडाशय (एक या दोनों ओवरी) या फैलोपियन ट्यूब तक ही सीमित रहता है। यह शरीर के किसी अ..न्य हिस्से में नहीं फैलता।
- स्टेज 2: इस चरण में कैंसर अंडाशय से निकलकर पेल्विस के आसपास के अंगों, जैसे कि गर्भाशय, मूत्राशय, या मलाशय तक पहुंच जाता है।
- स्टेज 3: इस स्टेज में कैंसर पेल्विस से बाहर निकलकर पेट के पिछले हिस्से में मौजूद लिम्फ नोड्स तक फैल जाता है।
- स्टेज 4: यह कैंसर का सबसे उन्नत चरण है। इसमें कैंसर पेट और पेल्विस के दायरे को पार करके फेफड़ों, लिवर या आंतों तक फैल जाता है।
ओवेरियन कैंसर का उपचार
आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के आगमन से अब डिम्बग्रंथि कैंसर का इलाज अधिक सटीक और प्रभावी हो गया है। आमतौर पर इसके उपचार में सर्जरी और कीमोथेरेपी की मुख्य भूमिका होती है, लेकिन मरीज की जरूरत के अनुसार अत्याधुनिक तकनीकों का भी समावेश किया जाता है।
सर्जरी
सर्जरी कब की जानी चाहिए - कीमोथेरेपी से पहले या कीमोथेरेपी के बाद - यह निर्णय मरीज की स्थिति को देखकर लिया जाता है। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य प्रभावित ओवरी (अंडाशय), फैलोपियन ट्यूब और यदि कैंसर फैल चुका हो, तो गर्भाशय (Uterus) को सुरक्षित रूप से बाहर निकालना होता है। सर्जन प्रयास करते हैं कि जितना संभव हो सके सभी दिखाई देने वाले ट्यूमर के हिस्सों को हटा दिया जाए जिसे डीबल्किंग सर्जरी कहा जाता है, ताकि आगे की कीमोथेरेपी अधिक प्रभावी हो सके।
कीमोथेरेपी
इसमें कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने के लिए अत्यंत शक्तिशाली और आधुनिक दवाओं का उपयोग किया जाता है। इसे सर्जरी से पहले ट्यूमर के आकार को छोटा करने के लिए (नियोएडजुवेंट कीमोथेरेपी) या सर्जरी के बाद बची हुई सूक्ष्म कैंसर कोशिकाओं को पूरी तरह खत्म करने के लिए (एडजुवेंट कीमोथेरेपी) किया जा सकता है।
टार्गेटेड थेरेपी
पारंपरिक कीमोथेरेपी के विपरीत, टार्गेटेड थेरेपी विशेष रूप से कैंसर कोशिकाओं के भीतर मौजूद विशिष्ट परिवर्तनों या प्रोटीन को लक्षित करती है। यह स्वस्थ कोशिकाओं को नुकसान पहुँचाए बिना केवल कैंसर ग्रस्त कोशिकाओं पर हमला करती है। इसके कारण मरीज को होने वाले दुष्प्रभाव काफी कम हो जाते हैं।
हार्मोन थेरेपी
हार्मोन थेरेपी कैंसर कोशिकाओं को बढ़ने के लिए आवश्यक हार्मोनों को ब्लॉक या कम कर देती है। हालांकि इसका उपयोग सभी प्रकार के ओवेरियन कैंसर में नहीं होता, लेकिन यह विशेष रूप से ओवेरियन स्ट्रोमल ट्यूमर (Ovarian Stromal Tumors) के मामलों में अत्यधिक प्रभावी मानी जाती है।
डिम्बग्रंथि कैंसर से बचाव के उपाय
अंडाशय के कैंसर को पूरी तरह से रोकने का कोई निश्चित तरीका नहीं है। लेकिन, अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव करके और डॉक्टरी परामर्श की मदद से इसके जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अंडाशय कैंसर से बचाव और नियंत्रण के उपाय निम्नलिखित हैं:
- गर्भनिरोधक गोलियों का उपयोग: गर्भनिरोधक गोलियों का नियमित सेवन ओवेरियन कैंसर के खतरे को कम करने में मददगार साबित होता है। हालांकि, इन दवाओं के अपने कुछ अन्य स्वास्थ्य जोखिम भी हो सकते हैं। इसलिए, बिना डॉक्टरी सलाह के इनका सेवन शुरू न करें।
- स्वस्थ जीवनशैली और वजन पर नियंत्रण: शरीर का अत्यधिक वजन या मोटापा ओवेरियन कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकता है। एक संतुलित आहार (लीन प्रोटीन, फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर) और नियमित व्यायाम के माध्यम से वजन को नियंत्रित रखकर और धूम्रपान जैसी हानिकारक आदतों से दूरी बनाकर इस गंभीर बीमारी के खतरे को न्यूनतम किया जा सकता है।
- स्तनपान के लाभ: कुछ अध्ययनों के अनुसार, स्तनपान कराने वाली महिलाओं में ओवेरियन कैंसर का जोखिम अपेक्षाकृत कम देखा गया है।
- आनुवंशिक परामर्श और पारिवारिक इतिहास: यदि आपके परिवार में पहले किसी को ओवेरियन कैंसर, स्तन कैंसर या कोलोरेक्टल कैंसर रहा है, तो आपको अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। ऐसी स्थिति में आप अपने डॉक्टर की सलाह पर जेनेटिक काउंसलिंग और BRCA1 या BRCA2 जैसे जीन म्यूटेशन की जांच करवा सकती हैं।
>> यह भी पढ़े: स्तन कैंसर क्या है ? जानें ब्रैस्ट कैंसर के लक्षण, कारण और उपचार
निष्कर्ष
हमारा शरीर किसी भी बीमारी की शुरुआत में छोटे-छोटे संकेत देना शुरू कर देता है, जिन्हें हम अक्सर सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। पेट में लगातार भारीपन, बेवजह दर्द, या यूरिन संबंधी आदतों में अचानक बदलाव आना कोई मामूली बात नहीं है। यदि ऐसे लक्षण 2 से 3 सप्ताह से अधिक समय तक बने रहते हैं, तो बिना किसी देरी के तुरंत एक योग्य गायनेकोलॉजिस्ट से संपर्क करना बेहद जरूरी है।
कई अध्ययनों के अनुसार, यदि ओवेरियन कैंसर का शुरुआती चरण में पता चल जाए, तो उपचार के सफल होने की संभावना काफी अधिक होती है। इसलिए, समय पर जांच और सही डॉक्टर की सलाह जानलेवा स्थितियों से बचा सकती है।
गंभीर बीमारियों का इलाज न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से थका देने वाला होता है, बल्कि यह आपके परिवार पर बड़ा वित्तीय बोझ भी डाल सकता है। ऐसी अनपेक्षित चिकित्सा स्थितियों से निपटने के लिए एक व्यापक स्वास्थ्य बीमा होना अत्यंत आवश्यक है। एक सही स्वास्थ्य बीमा आपको बिना किसी वित्तीय चिंता के देश के बेहतरीन अस्पतालों में सही समय पर इलाज (कैशलेस ट्रीटमेंट) प्राप्त करने की सुविधा देता है।
डिस्क्लेमर: उपरोक्त जानकारी केवल संदर्भ उद्देश्यों के लिए है। सही चिकित्सीय सलाह के लिए कृपया अपने डॉक्टर से परामर्श करें। स्वास्थ्य बीमा लाभ पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अधीन हैं। अधिक जानकारी के लिए अपने पॉलिसी दस्तावेज़ पढ़ें।