हाल ही में भारतीय अभिनेत्री शमिता शेट्टी ने एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis) जैसी गंभीर बीमारी से अपनी लड़ाई के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने महिलाओं में इस स्थिति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपने अनुभवों को साझा किया। शमिता ने महिलाओं को इस बीमारी के बारे में सही जानकारी जुटाने, अपने शरीर के संकेतों को समझने और एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की सलाह दी।
इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस बीमारी के लक्षणों को अक्सर लोग पहचान नहीं पाते या गलत समझ लेते हैं। उन्होंने कहा, "हो सकता है कि आप इस बीमारी से जूझ रही हों और आपको इसका अंदाजा भी न हो; यह स्थिति अत्यंत दर्दनाक और असहज करने वाली होती है।"
लेकिन आखिर एंडोमेट्रियोसिस क्या है? इसके मुख्य लक्षण और कारण क्या हैं? आइए, इस ब्लॉग के माध्यम से इस बीमारी को विस्तार से समझते हैं और इसके इलाज के विकल्पों पर नज़र डालते हैं।
एंडोमेट्रियोसिस क्या होता है?
एंडोमेट्रियोसिस महिलाओं के प्रजनन तंत्र (Female Reproductive System) से जुड़ी एक पुरानी और गंभीर स्थिति है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, यह समस्या दुनिया भर में प्रजनन आयु की लगभग 10% महिलाओं को प्रभावित करती है। एंडोमेट्रियोसिस एक ऐसी पुरानी स्थिति है, जिसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत (एंडोमेट्रियम) से मिलते-जुलते ऊतक गर्भाशय के बाहर विकसित होते हैं। आमतौर पर ये ऊतक अंडाशय (Ovaries), फैलोपियन ट्यूब और श्रोणि परत (Pelvic lining) पर बढ़ने लगते हैं।
पीरियड्स यानी मासिक धर्म के चक्र के दौरान, गर्भाशय के बाहर बढ़े हुए ये असामान्य ऊतक सूजन, सिस्ट, घाव के निशान और पेल्विक हिस्से में दर्दनाक खिंचाव का कारण बनते हैं। इसके कारण महिलाओं को विशेष रूप से पीरियड्स के दौरान अत्यधिक और असहनीय दर्द का सामना करना पड़ता है। जागरूकता की कमी के कारण अक्सर कई वर्षों तक महिलाओं में एंडोमेट्रियोसिस की पहचान नहीं हो पाती है, जिससे उन्हें लंबे समय तक शारीरिक दर्द और असहजता झेलनी पड़ती है।
एंडोमेट्रियोसिस के कारण
आइए एंडोमेट्रियोसिस के कुछ संभावित कारणों पर एक नज़र डालते हैं:
- रेट्रोग्रेड मेंस्ट्रुएशन (Retrograde Menstruation): यह तब होता है जब मासिक धर्म का खून (मेंस्ट्रुअल ब्लड) शरीर से बाहर निकलने के बजाय फेलोपियन ट्यूब के जरिए वापस पेल्विक कैविटी (पेट के निचले हिस्से) में प्रवाहित होने लगता है। ये कोशिकाएं (Cells) पेल्विक की दीवारों और अंगों पर चिपक जाती हैं और वहीं बढ़ने लगती हैं।
- सर्जिकल स्कार्स या घाव: कुछ मामलों में सी-सेक्शन जैसी सर्जरी के बाद ऑपरेशन के निशान के आसपास एंडोमेट्रियोसिस विकसित हो सकता है। हालांकि, इसके पीछे की सटीक प्रक्रिया पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
- एंब्रियोनिक सेल ट्रांसफॉर्मेशन (Embryonic Cell Transformation): किशोरावस्था (प्यूबर्टी) के दौरान एस्ट्रोजन जैसे हार्मोन एम्ब्रियोनिक सेल्स (विकास के शुरुआती चरण की कोशिकाएं) को एंडोमेट्रियल जैसी टिशू में बदल सकते हैं।
- इम्यून सिस्टम से जुड़ी समस्याएं: रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यून सिस्टम) में कोई भी गड़बड़ी होने पर शरीर गर्भाशय के बाहर बढ़ने वाले एंडोमेट्रियल टिशू की पहचान करने और उन्हें नष्ट करने में असमर्थ हो जाता है।
- हार्मोनल असंतुलन: एंडोमेट्रियोसिस एस्ट्रोजन-संवेदनशील स्थिति है और हार्मोन इसके घावों की गतिविधि तथा लक्षणों को प्रभावित कर सकते हैं।
- आनुवंशिक कारण: एंडोमेट्रियोसिस अक्सर पीढ़ियों से चला आ रहा हो सकता है, जो इसके आनुवंशिक जुड़ाव को दर्शाता है। यदि आपके किसी नजदीकी रिश्तेदार को एंडोमेट्रियोसिस का इतिहास रहा है, तो आपको इसका जोखिम अधिक हो सकता है।
- लिमफैटिक या सर्कुलेटरी स्प्रेड (Lymphatic or Circulatory Spread): दुर्लभ मामलों में, एंडोमेट्रियल कोशिकाएं ब्लडस्ट्रीम (रक्त प्रवाह) या लिमफैटिक सिस्टम के माध्यम से शरीर के अन्य भागों में भी फैल सकती हैं।
एंडोमेट्रियोसिस एक जटिल बीमारी है, इसलिए इसका सटीक कारण अभी भी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। हालांकि, ऊपर बताए गए कारण इसकी संभावनाओं को दर्शाते हैं।
महिलाओं में एंडोमेट्रियोसिस के लक्षण क्या हैं?
महिलाओं में एंडोमेट्रियोसिस की पहचान करना कभी-कभी चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि इसके लक्षण हर महिला में अलग-अलग हो सकते हैं। इस बीमारी के कुछ मुख्य लक्षण नीचे दिए गए हैं:
- पीरियड्स के दौरान तेज दर्द और अधिक ब्लीडिंग: मासिक धर्म के समय असहनीय दर्द होना एंडोमेट्रियोसिस का एक बड़ा संकेत हो सकता है। इसके अलावा, यदि आपको पीरियड्स में बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होती है या पीरियड्स के बीच असामान्य रक्तस्राव (Menometrorrhagia) होती है, तो आपको तुरंत डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए।
- पेल्विक एरिया (पेड़ू) में दर्द: अक्सर पेल्विक पेन को पीरियड्स के सामान्य दर्द से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, अगर यह दर्द पीरियड्स शुरू होने से पहले ही चालू हो जाए और पीरियड्स खत्म होने के कई दिनों बाद तक बना रहे, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह एंडोमेट्रियोसिस का लक्षण हो सकता है।
- संबंध बनाने के दौरान दर्द: शारीरिक संबंध बनाने के दौरान या उसके बाद दर्द होना सामान्य बात नहीं है। यदि आपको ऐसा महसूस होता है, तो बिना झिझक अपने डॉक्टर से सलाह लें।
- मल-मूत्र त्यागते समय दर्द होना: यदि आपको शौच करते समय या शौच के दौरान तेज दर्द महसूस होता, तो यह भी एंडोमेट्रियोसिस की ओर इशारा करता है।
- बांझपन या प्रेगनेंसी में परेशानी: कई महिलाओं को इस बीमारी का पता तब चलता है जब वे गर्भधारण (Conceive) करने की कोशिश कर रही होती हैं और सफलता नहीं मिलती। फर्टिलिटी संबंधी जांच के दौरान अक्सर एंडोमेट्रियोसिस का निदान होता है।
- पेट और पीठ के निचले हिस्से में दर्द: यदि आपको अपने मेंस्ट्रुअल साइकिल के दौरान किसी भी समय पेट के निचले हिस्से या कमर में दर्द रहता है, तो यह भी इसका एक लक्षण हो सकता है।
- अन्य सामान्य लक्षण: इनके अलावा लंबे समय तक रहने वाला दर्द और बीमारी का दैनिक जीवन पर प्रभाव कुछ मरीजों में चिंता या अवसाद जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। इन्हें बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
एंडोमेट्रियोसिस के चार चरण कौन-से हैं?
एंडोमेट्रियोसिस को ऊतकों की मात्रा, आकार और उनके स्थान के आधार पर चार मुख्य चरणों में बांटा गया है। आइए इन चारों चरणों को विस्तार से समझते हैं:
स्टेज 1: मिनिमल
- इम्प्लांट्स: इस शुरुआती चरण में इम्प्लांट्स बहुत छोटे और ऊपरी सतह पर होते हैं, यानी वे ऊतकों में गहराई तक नहीं फैले होते।
- स्कार टिश्यू (दाग/निशान): बिल्कुल न के बराबर।
- स्थान: यह मुख्य रूप से पेल्विस (पेडू) के अंदरूनी अंगों या उसकी परत पर पाया जाता है।
स्टेज 2: माइल्ड
- इम्प्लांट्स: ये स्टेज 1 की तुलना में थोड़े बड़े होते हैं, लेकिन फिर भी ऊपरी सतह पर ही रहते हैं।
- स्कार टिश्यू: बहुत कम मात्रा में होते हैं।
- स्थान: इसका दायरा सीमित होता है, लेकिन कुछ इम्प्लांट्स स्टेज 1 की तुलना में थोड़े गहरे हो सकते हैं।
स्टेज 3: मॉडरेट
- इम्प्लांट्स: इस चरण में कई गहरे इम्प्लांट्स मौजूद होते हैं।
- स्कार टिश्यू: स्कार टिश्यू अधिक स्पष्ट होने लगते हैं और एडहेसन्स (Adhesions - ऐसे स्कार टिश्यू जो अंगों को आपस में चिपका देते हैं) बनने लगते हैं।
- स्थान: यह फैलोपियन ट्यूब और ओवरी (अंडाशय) पर दिखाई दे सकता है, जिससे छोटी सिस्ट (Cysts) बन सकती हैं।
स्टेज 4: सीवियर
- इम्प्लांट्स: इस अंतिम चरण में इम्प्लांट्स काफी अधिक और बहुत गहरे होते हैं।
- स्कार टिश्यू: स्कार टिश्यू बहुत व्यापक और मोटे एडहेसन्स के रूप में होते हैं।
- स्थान: एक या दोनों ओवरी में बड़ी सिस्ट बन सकती हैं। इसके अलावा, गहरे स्कार टिश्यू पेल्विक अंगों को आपस में बांध या चिपका सकते हैं।
ध्यान दें: इन सभी चरणों की सटीक जांच लैप्रोस्कोपी (सर्जिकल प्रक्रिया) के दौरान की जाती है। यह प्रक्रिया एंडोमेट्रियोसिस के निदान और इलाज दोनों में मदद करती है। स्टेज बीमारी के दर्द या जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव की तीव्रता को सीधे नहीं दर्शाती।
एंडोमेट्रियोसिस का परीक्षण और निदान
एंडोमेट्रियोसिस के निदान की शुरुआत आमतौर पर तब होती है, जब कोई महिला इसके लगातार बने रहने वाले लक्षणों को पहचानकर डॉक्टर से परामर्श लेती है। इस प्रक्रिया में स्त्री रोग विशेषज्ञ सबसे पहले आपकी मेडिकल हिस्ट्री, पारिवारिक स्वास्थ्य पृष्ठभूमि (Family Health History) और शारीरिक लक्षणों की जाँच करते हैं। बीमारी की सटीक पुष्टि के लिए डॉक्टर निम्नलिखित परीक्षणों की सलाह दे सकते हैं:
- पेल्विक एग्जाम: पेल्विक एग्जाम के दौरान डॉक्टर पेल्विक हिस्से में असामान्य कोमलता, गांठ, सिस्ट या अन्य बदलावों का आकलन कर सकते हैं। हालांकि, केवल पेल्विक एग्जाम से एंडोमेट्रियोसिस की पुष्टि नहीं की जा सकती।
- इमेजिंग टेस्ट: प्रजनन अंगों की अंदरूनी स्थिति और प्रभावित हिस्सों को स्पष्ट रूप से देखने के लिए अल्ट्रासाउंड या एमआरआई (MRI) कराने का सुझाव दिया जाता है।
- लैप्रोस्कोपी: यह एक सूक्ष्म-आक्रामक (Minimally Invasive) सर्जिकल प्रक्रिया है। इसके माध्यम से डॉक्टर गर्भाशय के बाहर विकसित हो रहे एंडोमेट्रियल उत्तकों (Endometrial Tissue) को प्रत्यक्ष रूप से देख सकते हैं।
ध्यान दें: कुछ मामलों में डॉक्टर निदान या उपचार के लिए लैप्रोस्कोपी की सलाह दे सकते हैं। इस दौरान संदिग्ध ऊतक का नमूना लेकर जांच की जा सकती है।
एंडोमेट्रियोसिस का इलाज
फिलहाल एंडोमेट्रियोसिस का कोई स्थाई इलाज मौजूद नहीं है; हालांकि, इसके दर्द और लक्षणों को नियंत्रित करने के लिए डॉक्टर विभिन्न उपचार विकल्पों का सुझाव दे सकते हैं, जैसे:
1. दवाएं: पीरियड्स के दौरान होने वाले असहनीय दर्द को कम करने के लिए आपके डॉक्टर कुछ ओवर-द-काउंटर पेन किलर लेने की सलाह दे सकते हैं।
2. हार्मोनल थेरेपी: शरीर में हार्मोन्स के संतुलन को बनाए रखने और दर्द को नियंत्रित करने के लिए बर्थ कंट्रोल पिल्स (गर्भनिरोधक गोलियां), हार्मोनल आईयूडी (IUDs) और पैचेस जैसी थेरेपी काफी मददगार साबित होती हैं।
3. एंडोमेट्रियोसिस सर्जरी (Endometriosis Surgery): कुछ गंभीर मामलों में स्थिति के आधार पर डॉक्टर निम्नलिखित सर्जरी का सुझाव दे सकते हैं:
- लैप्रोस्कोपी: यह एक 'मिनिमली इनवेसिव' (कम चीर-फाड़ वाली) सर्जरी है, जिसका उपयोग शरीर से एंडोमेट्रियल टिशू का पता लगाने और उन्हें बाहर निकालने के लिए किया जाता है। इस प्रक्रिया में एक छोटा सा चीरा लगाकर कैमरे की मदद से टिशू की पहचान की जाती है। यह निदान और इलाज दोनों में कारगर है।
- हिस्टेरेक्टॉमी: हिस्टेरेक्टॉमी में गर्भाशय को हटाया जाता है। कुछ चुनिंदा मामलों में स्थिति के अनुसार डॉक्टर ओवरी या फैलोपियन ट्यूब को भी हटाने की सलाह दे सकते हैं। यह निर्णय व्यक्ति की उम्र, लक्षणों, बीमारी के फैलाव और भविष्य में गर्भधारण की योजना को ध्यान में रखकर किया जाता है। हिस्टेरेक्टॉमी को एंडोमेट्रियोसिस का निश्चित इलाज नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि बीमारी के घाव गर्भाशय के बाहर भी मौजूद हो सकते हैं।
4. जीवनशैली में बदलाव: नियमित व्यायाम करना, पौष्टिक आहार लेना और तनाव प्रबंधन जैसी स्वस्थ आदतों को अपनाकर एंडोमेट्रियोसिस के लक्षणों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
आपके डॉक्टर आपकी स्थिति की गंभीरता, आपकी उम्र और भविष्य में प्रेग्नेंसी की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए ही सबसे सही इलाज का फैसला करते हैं।
जोखिम कारक
- बहुत छोटी उम्र में पहला मासिक धर्म आना।
- जीवन में कभी बच्चे को जन्म न दिया हो।
- अधिक उम्र में जाकर मासिक धर्म का बंद होना (Menopause)।
- पीरियड साइकिल का छोटा होना (27 दिनों से कम का अंतर)।
- शरीर का वजन सामान्य से काफी कम होना।
- पीरियड्स के दौरान अत्यधिक ब्लीडिंग होना, जो सात दिनों से अधिक समय तक बनी रहे।
- रीप्रोडक्टिव ट्रैक्ट में किसी प्रकार की जन्मजात या अन्य असामान्यताएं होना।
इनमें से एक या अधिक कारक मौजूद होने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को एंडोमेट्रियोसिस जरूर होगा। हालांकि, लक्षण मौजूद होने पर इनके बारे में डॉक्टर को बताना मूल्यांकन में उपयोगी हो सकता है। इससे बीमारी का सही प्रबंधन (Management) संभव हो पाता है और प्रभावित महिलाओं के जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।
>>यह भी देखें: मेनोपॉज क्या है? जानें, इसके लक्षण और उपाय
महिलाओं में एंडोमेट्रियोसिस को कैसे ठीक करें?
यदि आप इस बीमारी के साथ जी रही हैं, तो यहाँ एंडोमेट्रियोसिस को नियंत्रित करने के लिए एक समग्र दृष्टिकोण (Holistic Approach) दिया गया है:
- पूरी जानकारी रखें: अपने लक्षणों पर नज़र रखें और अपनी स्थिति को समझने की कोशिश करें। बीमारी की सही जानकारी आपको अपनी सेहत और इलाज से जुड़े सही फैसले लेने में सक्षम बनाती है।
- मदद मांगने में न हिचकिचाएं: उन लोगों से बातचीत करें जो पहले से इस स्थिति से जूझ रहे हैं। सपोर्ट ग्रुप्स या ऑनलाइन कम्युनिटीज़ से जुड़ें ताकि आप ऐसे लोगों से संपर्क कर सकें जो आपकी तकलीफ़ को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। उनसे जानें कि उनके लिए कौन से उपाय कारगर रहे और अपनी स्थिति के अनुसार उन्हें अपनाने की कोशिश करें।
- डॉक्टर की सलाह लें: अपने डॉक्टर या हेल्थकेयर प्रोवाइडर से नियमित जांच (Regular Checkup) ज़रूर कराएं। अपनी पिछली बीमारियों और मेडिकल हिस्ट्री को खुलकर साझा करें। डॉक्टर से कुछ भी छिपाने से बचें, क्योंकि इससे उन्हें आपकी ज़रूरत के हिसाब से सही इलाज तय करने में मदद मिलती है। लक्षणों से राहत पाना ही इस स्थिति को नियंत्रित करने का सबसे महत्वपूर्ण कदम है। इसलिए सही इलाज और सलाह ज़रूर लें।
एंडोमेट्रियोसिस जैसी पुरानी बीमारी को मैनेज करने के लिए लगातार मेडिकल केयर, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के परामर्श और कभी-कभी सर्जरी की आवश्यकता हो सकती है। ऐसे में एक मजबूत स्वास्थ्य बीमा प्लान आपके वित्तीय बोझ को काफी कम कर देती है। गाइनेकोलॉजिस्ट परामर्श और जांच प्रक्रियाओं को कवर करने वाले बीमा प्लान के साथ, आप अपनी जेब से होने वाले खर्चों की चिंता किए बिना सिर्फ अपनी सेहत और रिकवरी पर ध्यान केंद्रित कर सकती हैं।
एंडोमेट्रियोसिस के लिए घरेलू उपाय
मेडिकल इलाज के साथ-साथ आप एंडोमेट्रियोसिस के लक्षणों और दर्द को कम करने के लिए कुछ घरेलू उपाय भी अपना सकती हैं। यहाँ कुछ लक्षणों में राहत के लिए सहायक उपाय दिए गए हैं:
- एंटी-इंफ्लेमेटरी डाइट: अपनी डाइट में ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें, जैसे अखरोट, साल्मन मछली और अलसी के बीज (flaxseeds)। इसके अलावा, भोजन में भरपूर मात्रा में फल, सब्जियां, लीन प्रोटीन और साबुत अनाज लें। प्रोसेस्ड फूड, रेड मीट, अल्कोहल और कैफीन का सेवन कम करें, क्योंकि ये शरीर में सूजन और दर्द को बढ़ा सकते हैं।
- हर्बल उपाय: कुछ लोगों को हल्दी या अदरक जैसे खाद्य पदार्थों से सामान्य सूजन या असहजता में राहत महसूस हो सकती है, लेकिन एंडोमेट्रियोसिस के उपचार के रूप में इनके प्रभाव के पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं। आप हल्दी को अपने खाने में मिला सकती हैं या सप्लीमेंट के रूप में ले सकती हैं। वहीं, अदरक को चाय या भोजन में शामिल किया जा सकता है।
- हीट थेरेपी: यदि आपको पेट के निचले हिस्से (पेल्विक एरिया) में तेज दर्द या ऐंठन महसूस हो रही है, तो हीटिंग पैड का इस्तेमाल करें या गुनगुने पानी से स्नान करें। इससे मांसपेशियों को आराम मिलता है और पीरियड के दौरान होने वाले दर्द से राहत मिल सकती है।
- शारीरिक गतिविधियां: तैराकी, पैदल चलना, नियमित व्यायाम और योग जैसी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इनसे शरीर में रक्त संचार बेहतर होता, तनाव कम होता है और दर्द से राहत मिल सकती है।
- स्ट्रेस मैनेजमेंट: तनाव को नियंत्रित करने के लिए ध्यान, गहरी सांस लेने के व्यायाम (deep breathing) और योग का सहारा लें। इससे दर्द को मैनेज करना आसान हो सकता है। इसके साथ ही पर्याप्त आराम भी बेहद जरूरी है, क्योंकि थकान की वजह से दर्द की समस्या और बढ़ सकती है।
- एकुपंक्चर: यह एक पारंपरिक चीनी चिकित्सा पद्धति है, जो दर्द को कम करने और समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाने में सहायक हो सकती है।
- सप्लीमेंट्स: ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे सप्लीमेंट्स शरीर की सूजन कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, मैग्नीशियम सप्लीमेंट भी एक अच्छा विकल्प है, जो मांसपेशियों को रिलैक्स करके दर्द को कम करने में मदद कर सकता है।
- पेल्विक मसाज: पेट के निचले हिस्से की हल्के हाथों से मालिश करने से ब्लड फ्लो बेहतर हो सकता है और मांसपेशियों का खिंचाव या तनाव कम हो सकता है।
- एसेंशियल ऑयल्स: लैवेंडर और पेपरमिंट जैसे एसेंशियल ऑयल एंडोमेट्रियोसिस के लक्षणों को नियंत्रित करने में मददगार हो सकते हैं। लैवेंडर में मन को शांत करने वाले गुण होते हैं; इसे डिफ्यूज़र में इस्तेमाल करने से या किसी अन्य तेल (carrier oil) में मिलाकर लगाने से तनाव और दर्द दोनों करने में मदद कर सकते हैं। वहीं, पेपरमिंट ऑयल दर्द और सूजन से राहत दिलाने में मदद कर सकता है।
ध्यान दें: ऊपर बताए गए घरेलू उपाय एंडोमेट्रियोसिस के लक्षणों को कम करने में मददगार हो सकते हैं, लेकिन इन्हें केवल डॉक्टर द्वारा बताए गए इलाज के साथ (सहायक के रूप में) ही अपनाना चाहिए। यह किसी मुख्य मेडिकल ट्रीटमेंट का विकल्प नहीं हैं।
निष्कर्ष
एंडोमेट्रियोसिस सिर्फ एक स्वास्थ्य समस्या नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी स्थिति है जिस पर तुरंत ध्यान देने और सहानुभूति दिखाने की आवश्यकता है। हमें मिलकर एक ऐसे भविष्य का निर्माण करना चाहिए जहाँ महिलाएँ बिना किसी झिझक के अपने अनुभवों पर खुलकर बात कर सकें, ताकि एंडोमेट्रियोसिस की समस्या एक खामोश लड़ाई बनकर न रह जाए।
इसलिए, यदि आपको अपने शरीर में इसके कोई लक्षण दिखाई दें या मासिक धर्म के दौरान असामान्य दर्द महसूस हो, तो तुरंत किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लें।
यह ध्यान रखना बेहद जरूरी है कि ऐसी गंभीर स्थितियों का इलाज और प्रबंधन आपकी जमा-पूंजी पर भारी पड़ सकता है। ऐसे समय में केयर हेल्थ इंश्योरेंस का केयर सुप्रीम प्लान यह सुनिश्चित करता है कि इलाज के दौरान आपका ध्यान सिर्फ ठीक होने पर रहे, आपकी आर्थिक स्थिति पर नहीं। इस प्लान के तहत आपको साल में किसी गायनेकोलॉजिस्ट (स्त्री रोग विशेषज्ञ) से 4 फिजिकल कंसल्टेशन की सुविधा मिलती है, जिससे ऐसी समस्याओं की सही समय पर पहचान और सही इलाज में मदद मिल सकती है।
>>जानें: योनि संक्रमण क्या है? जानें कारण, लक्षण और घरेलु उपचार
डिस्क्लेमर: उपरोक्त जानकारी केवल संदर्भ उद्देश्यों के लिए है। सही चिकित्सीय सलाह के लिए कृपया अपने डॉक्टर से परामर्श करें। स्वास्थ्य बीमा लाभ पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अधीन हैं। अधिक जानकारी के लिए अपने पॉलिसी दस्तावेज़ पढ़ें।